उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, 12 फरवरी से बढ़ेगा तापमान
देहरादून - उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ने के बाद प्रदेशभर में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार 12 फरवरी से राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर महसूस होने लगेगा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में धूप खिलने से ठंड में कमी आएगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक बुधवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है, जिससे ठंड का अहसास रहेगा, लेकिन दोपहर तक तेज धूप निकलने से मौसम सुहावना हो जाएगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि 12 से 15 फरवरी तक प्रदेशभर में बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान मैदानी इलाकों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी और हल्की गर्मी का अनुभव होगा। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर जाने की संभावना है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।
हालांकि 16 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम फिर बदल सकता है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
मंगलवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो औसत से एक डिग्री ज्यादा था। प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक यही रुझान जारी रहने की संभावना है।

















